नेहरू युवा केंद्र कटरा में आयाजित युवा सम्मेलन में मौजूद युवा।
- फोटो : SRAWASTI
कटरा (श्रावस्ती)। नेहरू युवा केंद्र श्रावस्ती की ओर से युवा कार्यक्रम के तहत बुधवार को जिला युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला युवा समन्वयक मौजूद रहे। इस दौरान वक्ताओं ने मौजूद मेधावियों से युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए उनसे अपने कर्तव्य का पालन करने को कहा।
सम्मेलन में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि मानव सभ्यता सदियों से विकसित हुई है। हर पीढ़ी की अपनी सोच और विचार होते हैं, जो समाज के विकास की दिशा में योगदान देते हैं। हालांकि एक तरफ मानव मन और बुद्धि समय गुजरने के साथ काफी विकसित हो गई है। वही लोग भी काफी बेसब्र हो गए हैं। आज का युवा प्रतिभा और क्षमता वाला हैं, लेकिन इसे भी आवेगी और बेसब्र कहा जा सकता है। आज का युवा सीखने और नई चीजों को तलाशने के लिए उत्सुक हैं। अब जब वह अपने बड़ों से सलाह ले सकते हैं तब वह हर कदम पर उनके द्वारा निर्देशित नहीं होना चाहते हैं।
युवा पीढ़ी आज विभिन्न चीजों को पूरा करने की जल्दबाजी में है। अंत में परिणाम प्राप्त करने की दिशा में इतना मग्न हो जाता है कि उन्होंने इसका चयन किस लिए किया इसकी ओर भी ध्यान नहीं देते हैं। हालांकि विज्ञान, प्रौद्योगिकी, गणित, वास्तुकला, इंजीनियरिंग और अन्य क्षेत्रों में बहुत प्रगति हुई है। हम इस तथ्य से इनकार नहीं कर सकते हैं कि अपराध की दर में भी समय के साथ काफी वृद्धि हुई है। आज दुनिया में पहले से ज्यादा हिंसा हो रही है, और इस हिंसा के एक प्रमुख हिस्से के लिए युवा जिम्मेदार भी हैं।
विशिष्ट अतिथि गोपाल भर ने कहा कि युवा भारत देश के भविष्य हैं। इन्हें अपने कर्तव्यों का पालन अवश्य करना चाहिए। सभा की अध्यक्षता कर रहे कोमल ने कहा कि युवा शक्ति ही देश को विकास के पथ पर ले जा सकती है। यह देश के स्वर्णिम भविष्य हैं। भारत सर्वाधिक युवाओं वाला देश है इसलिए युवाओं को अपनी जिम्मेदारी देश के प्रति निभाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहिए। इस मौके पर अनिल श्रीवास्तव, रजनीश मिश्रा, जिला युवा कल्याण अधिकारी एएस कुशवाहा, देवेश मिश्रा, अविनाश गुप्ता, बलराम कृष्ण पांडे आदि मौजूद रहे।