तुलसीपुर (श्रावस्ती)। शाहपुर कठौतिया में शनिवार रात एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने शव का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर कठौतिया निवासी राममनोहर (42) पुत्र हीरालाल शनिवार घर के बाहर चारपाई पर सोया हुआ था। देर रात नित्य क्रिया को उठे हीरालाल ने देखा कि राममनोहर गली में चारपाई से नीचे पड़ा हुआ है। हीरालाल ने राममनोहर को उठाने का प्रयास किया जो पता चला कि उसकी मौत हो गई।
हीरालाल की सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने राममनोहर के शव का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। वहीं मृतक के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। वहीं इस संबंध में थानाध्यक्ष सोनवा विजय बहादुर सिंह ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।