श्रावस्ती। सेमरी-खरगौरा मार्ग पर अहिरनपुरवा मोड़ के पास बृहस्पतिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में लहूलुहान युवक का शव मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान कर पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतक के परिजनों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है।
भिनगा क्षेत्र के मुजेहना निवासी रामपती के अनुसार, उनके बेटे भरत भीम यादव (23) को बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे लक्ष्मणनगर निवासी मनोज और केवलपुर निवासी रामपाल मेला दिखाने के लिए घर से बुलाकर ले गए थे। रात में भरत की पत्नी रूपा ने फोन कर बताया कि भरत को बचा लो, उसका साला पीट रहा है। इसके बाद परिजन तलाश में जुटे तो अहिरनपुरवा मोड़ के पास भरत का शव मिला।
ग्राम प्रधान अजय यादव ने बताया कि शव के पास गोडपुरवा निवासी डेलई यादव की क्षतिग्रस्त बाइक भी मिली। इससे दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है। डेलई ने बृहस्पतिवार को बाइक चोरी की तहरीर दी थी। मृतक के भाई गुरुप्रसाद ने चोरी की घटना को मनगढ़ंत बताया। कोतवाल राजप्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रथमदृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा है। बाइक चोरी की जानकारी नहीं है।