गिलौला। गिलौला क्षेत्र के अख्तरनगर गांव में रविवार को सुबह एक घर में पंखे के कुंडे से युवक का शव लटका मिला। पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के ग्राम अख्तरनगर निवासी इसहाक अली ने बताया कि उनका पुत्र शेर अली (18) काफी दिनों से गुमसुम रहता था। वह न किसी से बात करता था और न ही किसी काम में उसका मन लगता था। हालांकि, उन्होंने कई बार उसकी इस हालत का कारण जानना चाहा। फिर भी वह कुछ नहीं बता सका। शनिवार रात वह भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। रविवार को जब काफी देर तक वह नहीं उठा तो उसके कमरे में जाकर देखा, तो उसका शव पंखे के कुंडे से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटकता मिला। इसके बाद घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मामला प्रथम दृष्ट्या आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। वहीं, सीओ इकौना भरत पासवान ने बताया कि वह इस समय अवकाश पर हैं, इसलिए मामले की जानकारी नहीं है।