कटरा (श्रावस्ती)। चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज कटरा में रविवार को जिला योगासन चैंपियनशिप कार्यक्रम आयोजित हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सांसद व जिला पंचायत अध्यक्ष तथा महामाया राजकीय इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने कहा की योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में मान्यता दी गई है। इसमें शामिल होने वाले खिलाड़ियों को सी ग्रेड की नौकरी में वरीयता मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी व योग गुरु स्वामी रामदेव ने योग को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई। भारत सरकार के युवा कार्य व खेल मंत्रालय ने योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में आधिकारिक रूप से मान्यता दी है।
जिला सचिव इंद्र कुमार पटेल ने बताया कि स्पोर्ट योगासन में राजकीय महामाया इंटर कॉलेज इकौना की अंजू, ममता व रंजना प्रथम, जगत जीत इंटर कालेज की भारती पाठक, सुमन, सोनल द्वितीय तथा सीआरबी की पलक पांडे, अर्पणा, अंशिका तृतीय स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में जगतजीत के अनुभव वर्मा, अमर प्रकाश, अरुण शर्मा प्रथम, सीआरबी के छात्र द्वितीय स्थान पर रहे। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार यादव, ऊषा यादव, मुकेश विश्वकर्मा, पंकज कुमार द्विवेदी आदि मौजूद रहे।