कटरा में बने दुर्गा पूजा पंडाल में पूजा करते जिला पंचायत अध्यक्ष।-
श्रावस्ती/कटरा। नवरात्र के चौथे दिन मंगलवार को मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना की गई। पूजा पंडालों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से तराई का माहौल भक्तिमय हो गया। भिनगा के झारखंडी माता मंदिर परिसर में स्थापित प्रतिमा की नेत्र पट्टिका खोलकर शृंगार किया गया। अशोक तिराहा और शिवगढ़ कलां स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में भी दुर्गा प्रतिमाओं का पूजन शुरू हुआ।
कटरा के श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में मां वैष्णो देवी का दरबार सजाया गया। देर शाम जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने मां दुर्गा की आरती की। बाबा जवाहर दास ने कहा कि मां की उपासना से साधक को तेज, वीरता और साहस मिलता है। कार्यक्रम में लक्ष्मणपुरी, लखनऊ के कलाकारों ने गणेश और राधा-कृष्ण की झांकियां प्रस्तुत कीं। मयूर नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस मौके पर बृजेश कुमार पटेल, सुरेश कुमार जायसवाल और रामकुमार मिश्र सहित अन्य मौजूद रहे।