कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित दिशा बैठक में मौजूद अधिकारी व जनप्रतिनिधि
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष व सांसद ने की। जिसमें उन्होंने अधिकारियों को जिले के चहुंमुखी विकास के लिए टीम भावना से कार्य करने व सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जन जन को लाभान्वित कराने की बात कही। जिससे कोई भी गरीब असहाय एवं निर्धन व्यक्ति सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओ से अछूता न रहे।
बैठक में विगत बैठक की अनुपालन आख्या से अवगत कराया गया। इसके बाद अनुपालन आख्या एवं विभागीय कार्यक्रमों की प्रगति पर चर्चा की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के संबंध में परियोजना अधिकारी डूडा राजमुनि ने बताया कि वर्तमान वर्ष की विभागीय परियोजना रिपोर्ट आ गई है। वर्तमान में लाभार्थियों को द्वितीय एवं तृतीय किश्त अवमुक्त कर आवासों को पूर्ण कराया जा रहा है। शिक्षा विभाग के कार्यक्रमों की चर्चा में निशुल्क पाठ्यपुस्तकों, ड्रेस, जूता एवं स्वेटर वितरण के संबंध में जानकारी दी गई कि सभी बच्चों में स्वेटर वितरण समय से करा दिया गया था।
डीएम टीके शिबु ने बीएसए को निर्देश दिया कि भविष्य में ड्रेस वितरण करने के पूर्व जनप्रतिनिधियों को भी सूचित करें। सीडीओ ईशान प्रताप सिंह ने मिड डे मील योजना में मशरूम को भी शामिल किए जाने की जानकारी दी। लधु सिंचाई विभाग की निशुल्क बोरिगं योजना में बजट एवं लक्ष्य मिलने की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि सभी विकास खंडों को 605 बोरिगं का लक्ष्य दिया गया है। विगत वर्ष में हुए रजिस्टे्रशन के आधार पर लाभार्थियों को लाभान्वित कराया जाएगा।
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना (पीएमएजीवाई) से बजट प्राप्त मिलने के साथ कार्ययोजना तैयार है। अगले 10 दिनों में कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के तहत 545 उचित दुकानों के माध्यम से 23172 अंत्योदय राशन कार्ड एवं 183215 पात्र गृहस्थी के माध्यम खाद्यान का वितरण कराया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम के तहत पांच पाइप पेयजल योजना का कार्य पूर्ण करा दिया गया है। इस मौके पर श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे, भिनगा विधायक मोहम्मद असलम राईनी, एमएलसी के प्रतिनिधि इकबाल अहमद मंसूरी, विधान परिषद सदस्य, गुरूबचन सिंह, रमन सिंह, समिति के नामित सदस्य प्रेमनाथ वर्मा, विनय कुमार तिवारी, जिला विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नरेन्द कुशवाहा सहित समिति के सदस्य व सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।