गिलौला (श्रावस्ती)। कस्बे में सोमवार रात संदिग्ध हालात में एक विवाहिता की मौत हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दिए बगैर ससुरालीजन शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। वहीं विवाहिता के भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गिलौला कस्बा निवासी पूनम शर्मा (45) पत्नी ज्ञानेंद्र शर्मा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला में संविदा के तहत कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात थी। सोमवार रात उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों का कहना था कि पूनम काफी दिनों से शुगर से पीड़ित थी और उसका इलाज कराया जा रहा था।
इसी बीच वह पीलिया की भी शिकार हो गई थी। सोमवार शाम वह ड्यूटी से वापस आई तो उसकी तबियत अचानक बिगड़ गई। जिसे इलाज के लिए बहराइच ले जा रहे थे। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिवारीजनों ने गिलौला पुलिस को सूचना दिए बगैर मंगलवार सुबह शव के अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।
इसी बीच अचानक पुलिस पहुंच गई। परिवारीजनों को पुलिस ने बताया कि लखनऊ निवासी मृतका के भाई मनीष पांडेय ने फोन व पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। इसमें उसने अपनी बहन की हत्या की आशंका जताई है। ऐसी स्थिति में शव का पोस्टमार्टम कराना जरूरी है।
पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर उसका पंचनामा भराकर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। इस बारे में थाना प्रभारी कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत स्वाभाविक रुप से बीमारी के कारण ही प्रतीत होती है। उसके भाई की ओर से टेलीफोन पर सूचना दी गई थी। इस पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।