श्रावस्ती। सिरसिया क्षेत्र के ग्राम सेमरा दुर्गापुर तराई निवासी यशोदा देवी (52) को बृहस्पतिवार रात तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल यशोदा को परिजनों ने संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्गापुर तराई निवासी घनश्याम ने बताया कि उनकी पत्नी यशोदा देवी कुछ खरीदारी के लिए पैदल ही जोखवा बाजार गई थीं। वहां से देर शाम घर लौट रही थीं। सेमरा गांव के पास बलनपुर बसंतपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने यशोदा को टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना उन्हें दी। यशोदा को निजी वाहन से संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों की सूचना पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।