फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ठंड से महिला की मौत, पारा चार डिग्री से भी नीचे

विज्ञापन
श्रावस्ती में विद्यालय में अलाव के किनारे खड़े होकर पढ़ाई करते बच्चे। - फोटो : SRAWASTI
विज्ञापन
श्रावस्ती। जिले में ठंड अब जानलेवा हो गई। इकौना के लिल्लाहीपुरवा निवासी एक महिला की बुधवार की रात ठंड लगने से मौत हो गई। वहीं आर्द्रता बढ़ने के कारण गुरुवार को तराई में कोहरा फुहार बन कर बरसा। इससे जिले का तापमान चार डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। दिन रात चल रही बर्फीली हवा से ठिठुरन काफी बढ़ा गई है। इन सबके बीच जिले में गुरुवार को विद्यालय खुले रहे। ऐसे में बच्चों को कांपते हुए विद्यालय जाना पड़ा। उधर कई विद्यालयों में ठंड से बचने के लिए बच्चे अलाव के आसपास पढ़ाई करते दिखे।
विज्ञापन

जिले में कई दिनों से ठंड का सितम जारी है। गुरुवार को तराई का तापमान चार डिग्री सेल्सियस से नीचे चले जाने के कारण गलन बढ़ गई। दिन भर चली पछुआ हवा ने लोगों की परेशान किया। उधर इकौना देहात के लिल्लाहीपुरवा निवासी गीता देवी पत्नी राम सागर लोध की ठंड लगने से मौत हो गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहम्मद नसीम चौधरी व पड़ोसी रफीक ने बताया कि गीता देवी दो दिन पूर्व ठंड लगने से बीमार हुई थी। वह आर्थिक तंगी से भी जूझ रही थी।
गीता देवी को अब तक न तो आवास मिला और न ही ठंड से बचाने के लिए कंबल। वह कंबल व आवास के लिए विगत कई दिनों से तहसील में अधिकारियों के कार्यालय का चक्कर काट रही थी। इसके बाद भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। जिले में पड़ रही शीतलहर के कारण बुधवार की रात गीता देवी की ठंड से मौत हो गई।
विज्ञापन

वहीं इस बारे में प्रभारी निरीक्षक इकौना मनोज पांडेय ने बताया कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है। हल्का दरोगा को भेज कर इसकी जानकारी कराई जाएगी। वहीं उपजिलाधिकारी इकौना राजेश मिश्रा ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी भी घटना की जानकारी नहीं है। राजस्व निरीक्षक को मौके पर भेज कर इसकी जांच कराई जाएगी।
छात्र-छात्राएं और गरीब सबसे अधिक बेहाल
तराई में पूस की रात अब गरीबों पर भारी पड़ रही हैै। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के बीच लगातार चल रही हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी है। इससे इंसान ही नहीं पशु पक्षी भी बेहाल हैं। इन सबके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक गरीबों को ठंड से राहत दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जिले में दस फीसदी गरीबों को भी अब तक न तो कंबल नसीब हुआ, और न ही किसी भी चौक चौराहों पर अब तक अलाव ही जले। इससे गरीब व मजदूर पेशा लोगों को ठंड से कांपते देखा जा रहा है। उधर कड़ाके की ठंड के बावजूद जिले में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, आश्रम पद्धति सहित प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक व महा विद्यालयों में अब तक अवकाश नहीं घोषित किया गया है। ऐसे में बच्चों को ठंड से कांपते हुए विद्यालय आना जाना पड़ रहा है। वहीं कई स्कूलों में बच्चे मध्याह्न भोजन बनाने के लिए आई लकड़ियों को जलाकर ठंड से बचाव कर रहे हैं। वहीं इस बारे में फसल अनुसंधान केंद्र बहराइच के मौसम विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. एमबी सिंह बताते हैं कि तापमान में अभी उतार चढ़ाव का क्रम जारी रहेगा। कोहरे का दौर अभी जारी रहने की संभावना है, लोग एहतियात बरतें।
यहां अलाव की आवश्यकता
भिनगा नगर के ईदगाह तिराहा, छावनी, अस्पताल तिराहा, भिनगी चौराहा, दहाना बस स्टैंड, ईदगाह बस स्टैंड, तहसील परिसर, परसा बस स्टैंड, कलेक्ट्रेट चौराहा, बगुरइयां मोड़, खरगौरा मोड़, लक्ष्मननगर के पास अलाव जलवाने की आवश्यकता है। वहीं बरदेहरा मोड़, सोनवा, रतनापुर, चिचड़ी चौराहा, तुलसीपुर, बदला, नासिरगंज, मल्हीपुर, बैरियार चौराहा, वीरगंज, जमुनहा, राप्ती बैराज, सेमरी चौराहा, नथुनिया मोड़, भंगहा, भंगहा मोड़, कटरा, इकौना, बाईपास, गिलौला पर अलाव जलवाने की जरूरत है। उधर खुटेहना तिराहा, तिलकपुर मोड़, सुविखा मोड़, घोरमा परिसिया, खरगौरा मोड़, लक्ष्मनपुर बाजार, बेचईपुरवा, सिरसिया बस अड्डा सहित बौद्ध तपोस्थली में अलाव जलवाने की आवश्यकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें