श्रावस्ती। केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रदेश के 23 जनपदों में स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्कूलों में हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां, बीमारी की रोकथाम एवं एकीकृत स्वास्थ्य सेवाओं को स्कूल स्तर तक सुलभ बनाना है। कार्यक्रम मुख्य रूप से किशोरों में चोट, हिंसा, मादक द्रव्य सेवन, जोखिम भरा यौन व्यवहार, मनोवैज्ञानिक एवं भावनात्मक विकार को कम करने पर केंद्रित है। इस संबंध में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक अपर्णा उपाध्याय ने संबंधित जिलों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
डिप्टी सीएमओ और कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. संत कुमार ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय से एक महिला व एक पुरुष शिक्षक को प्रशिक्षित कर हेल्थ एंड वेलनेस एंबेसडर बनाया जाएगा। यह दोनों शिक्षक प्रत्येक मंगलवार को विद्यालय में हेल्थ एंड वेलनेस दिवस आयोजित करेंगे। इसमें बच्चों को स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति रोचक कहानी और खास गतिविधियों के जरिये जागरूक करेंगे।
हेल्थ एंड वेलनेस एंबेसडर का प्रशिक्षण प्राप्त इन शिक्षकों का उत्तरदायित्व होगा कि वह छात्रों के अंदर भावनात्मक कल्याण तथा मानसिक स्वास्थ्य, पारस्परिक संबंध, मूल्य और जिम्मेदार नागरिकता, जेंडर समानता, पोषण स्वास्थ्य और स्वच्छता, मादक पदार्थों के दुरुपयोग और रोकथाम, स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना, प्रजनन स्वास्थ्य और एचआईवी की रोकथाम, इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग आदि विषयों के बारे में अवगत कराएंगे। साथ ही किशोर स्वास्थ्य संबंधी उनकी समस्याओं की उनको जानकारी भी देंगे। इस कार्यक्रम की शत-प्रतिशत सफलता के लिए सभी कक्षा से दो छात्रों का चयन किया जाएगा जो हेल्थ एंड वेलनेस संदेश वाहक के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे।
यह होंगी गतिविधियां
कार्यक्रम के डीईआईसी मैनेजर (डिस्ट्रिक अर्ली इंटरवेन्शन सेंटर मैनेजर) प्रतीक शाक्य ने बताया कि इसके तहत सरकारी एवं सरकार से मान्यता प्राप्त विद्यालयों के 10 से 19 वर्ष तक के स्कूली बच्चों को स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न तरह के गतिविधियों के बारे में जागरूक किया जाएगा। बच्चों में स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं की पहचान करने के बाद उसका समाधान भी किया जाएगा। इसके साथ ही साप्ताहिक आयरन एवं फोलिक एसिड अनुपूरण कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय कृमि दिवस कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को आयरन एवं एल्बेंडाजोल की गोलियां भी खिलाई जाएगीं। छात्राओं को सैनिटरी नैपकिन भी प्रदान की जाएगी।
इन जिलों में होंगी गतिविधियां
हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के तहत श्रावस्ती सहित सीतापुर, अयोध्या, बरेली, बदायूं, चंदौली, चित्रकूट, एटा, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, गोंडा, खीरी, महराजगंज, पीलीभीत, प्रयागराज, रामपुर, संतकबीर नगर, सोनभद्र, सिद्धार्थनगर, बहराइच, बलरामपुर, बाराबंकी और शाहजहांपुर जिलों के स्कूलों में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।