श्रावस्ती। जमुनहा के लालबोझा व गिलौला के मनसुखा में ग्राम प्रधान सहित चंदनकोटिया व प्रहलादा में क्षेत्र पंचायत सदस्य के रिक्त पद पर शनिवार को मतदान कराया गया। उप चुनाव में चिलचिलाती धूप व उमस भरी गर्मी के बावजूद मतदाताओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। हर कोई मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मौसम की परवाह किए बगैर अपनी बारी का इंतजार करते देखे गए।
त्रिस्तरीय पंचायत उपनिर्वाचन के लिए जमुनहा के प्राथमिक विद्यालय चंदनपुर कोटिया एवं प्राथमिक विद्यालय लालबोझा को मतदान केन्द्र बनाया गया था। प्राथमिक विद्यायल चंदनपुर कोटिया में 03 मतदान बूथ एवं लालबोझा के प्राथमिक विद्यालय में 02 मतदान बूथ बनाये गये थे। वहीं गिलौला के प्राथमिक विद्यालय मनसुखा मतदान केन्द्र पर 02 बूथ एवं प्राथमिक विद्यालय प्रहलादा मतदान केन्द्र पर 02 बूथ बनाये गये थे। जहां शनिवार सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ हुआ।
ग्राम पंचायत लालबोझा उपचुनाव में प्रधान प्रत्याशी सुमन वर्मा, गीता देवी, लखपता तीन लोग मैदान में थी। यहां कुल 1059 मतदाता थे। जहां शाम पांच बजे तक 83 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं लालबोझा में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 82 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं गिलौला के मनसुखा में 74.85 तथा प्रहलादा में 66.59 प्रतिशत मतदान हुआ। उप चुनाव सकुशल संपन्न होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे, पुलिस क्षेत्राधिकारी भिनगा हौसला प्रसाद तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी इकौना एमपी शर्मा दल बल के साथ पोलिंग बूथों पर पहुंचे। जहां उनके द्वारा सकुशल चुनाव संपन्न कराने के लिए मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।