श्रावस्ती। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चिल्हरिया मोड़ व इकौना बाईपास स्थित पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन किया। इस दौरान सिरसिया में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन प्रभारी निरीक्षक सिरसिया को व इकौना में तहसीलदार को सौंपा।
धरना प्रदर्शन के दौरान चिल्हरिया मोड़ पर अमन पांडे ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार डीजल, पेट्रोल व रसोई गैस की कीमतों में लगातार इजाफा कर जनता को लूट रही है। जबकि देखा जाए तो पड़ोसी देश नेपाल, पाकिस्तान, बांग्लादेश आदि में भारत की अपेक्षा डीजल व पेट्रोल का मूल्य काफी कम है। सरकार लोगों से ईंधन बचाने की अपील कर रही है। जबकि उसके विधायक सांसद व मंत्री जनता के पैसे पर ऐश कर रहे हैं।
आशीष मिश्र ने कहा कि आज हर तरफ जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। चाहे किसान हो या नौजवान या फिर बेरोजगार सभी परेशान हैं। जबकि सरकार को किसी की कोई फिक्र नहीं है। इमरान खान ने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में कभी पेट्रोल का मूल्य सौ रुपये नहीं पहुंचा। जबकि इस सरकार में पेट्रोल के मूल्य ने शतक पूरा कर लिया। डीजल भी शतक लगाने के करीब है। सरकार ने गरीबों के घर में रसोई गैस सिलेंडर बांट कर वाहवाही तो लूटी। लेकिन इस महंगाई में लोग उसे कैसे भरवाएंगे। सरकार इस पर जरा भी ध्यान नहीं दे रही है। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन प्रभारी निरीक्षक सिरसिया राम समुझ प्रभाकर को सौंपा।
वहीं इकौना में वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिलीप कुमार शर्मा ने कहा कि केंद्र में बैठी हुई मोदी की सरकार द्वारा तेल कंपनियों को छूट देकर डीजल पेट्रोल की कीमतों में भारी वृद्धि कर दी गई है। देश का किसान परेशान है व मजदूर बेहाल है। तेल व रसोई गैस की वृद्धि को लेकर कांग्रेसियों ने पेट्रोल टंकी पर प्रदर्शन किया। इसके बाद तहसीलदार इकौना रामदयाल वर्मा को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर मालिक राम तिवारी, पप्पू यादव, पवन पांडे, राजेंद्र प्रसाद सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।