जमुनहा (श्रावस्ती)। लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी जमुनहा के ग्राम फतेहपुर बनगई के मजरा बनगई में ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल नहीं मिल रहा है। विगत आठ वर्ष से पाइप लाइन में खराबी के कारण ग्रामीण निजी हैंडपंप का सहारा लेने को विवश हैं। इसकी शिकायतों पर ध्यान न दिए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
जमुनहा के ग्राम फतेहपुर बनगई के मजरा बनगई में श्रीराम जानकी मंदिर पोखरा कुट्टी के बगल में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 2009-10 में करीब 90 लाख रुपये खर्च कर जल निगम द्वारा पानी टंकी का निर्माण कराया गया था। लोगों के घरों तक पानी सप्लाई के लिए गांव के सभी मजरों में पाइप लाइन बिछाकर पानी की सप्लाई शुरू की गई थी। इससे ग्रामीणों को शुद्ध पानी मिलने लगा था। लेकिन बीच बीच में पाइप फटने से पानी सड़कों पर बहने लगा था। इसके कारण 2015 में इसकी जलापूर्ति बंद कर दी गई। ग्रामीणों ने पानी की सप्लाई शुरू कराने के लिए कई बार शिकायत की गई। जिसका कोई नतीजा नहीं निकला। इससे लोगों के सामने स्वच्छ पेयजल की समस्या बनी हुई है।
बनगई निवासी मेराज खान ने बताया कि टंकी से शुद्ध पानी मिलने से पेट से संबंधित कई बीमारियां ठीक हो चुकी थीं। लेकिन 8 वर्ष से आपूर्ति बंद होने से पानी की समस्या बनी हुई है। अंकित वर्मा कहते हैं कि पानी टंकी शुरू कराने के लिए कई बार अधिकारियों से मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पुत्तन तिवारी ने बताया कि पाइप डालने के समय ही घटिया सीमेंट पाइप होने की शिकायत की गई थी, लेकिन उसको अनसुना किया गया था। राम मनोरथ ने बताया कि पानी टंकी से जलापुर्ति शुरू न होने से लोग निजी हैंडपंप का सहारा ले रहे हैं। जबकि इससे फतेहपुर, बनगई, बांसगढी, रघुनाथपुर, भया पुरवा, दयाली आदि मजरों को पानी मिलता था। ऐसे में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी व अधिशाषी अभियंता जल निगम से हस्तक्षेप कर जलापूर्ति बहाल कराने की मांग की है।