गिलौला (श्रावस्ती)। तिलकपुर गांव में शनिवार रात मार्ग किनारे खड़े पिकअप को चोरी करने आए चोर को वाहन स्वामी ने पकड़ लिया। जबकि एक अन्य चोर भागने में सफल रहा। पकड़े गए चोर की ग्रामीणों द्वारा जमकर पिटाई की गई। इसके बाद उसे गिलौला पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़ा गया आरोपी अमेठी जिले का निवासी है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया।
गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम तिलकपुर निवासी शिव कुमार गुप्ता पुत्र चिंताराम गुप्ता बौद्ध परिपथ किनारे मकान बनाकर रहता हैं। जिसके पास एक पिकअप है। शनिवार रात शिवकुमार पिकअप को मार्ग किनारे खड़ा कर घर चला गया था। देर रात करीब डेढ़ बजे खट पट की आवाज पर जगे शिव कुमार ने बाहर आकर देखा तो दो लोग पिकअप का दरवाजा तोड़ घुसे नजर आए।
शिवकुमार के शोर मचाने पर उसके भतीजे शिवम व मोहन ने एक चोर को पकड़ लिया गया। एक अन्य चोर मौके से भाग निकला। वहीं मौके पर कुछ अन्य ग्रामीण भी एकत्र हो गए। इस दौरान भीड़ ने चोर की जमकर पिटाई की। इस दौरान चोर के कब्जे से काफी संख्या में चाभियां, ताला तोड़ने का सामान व अन्य उपकरण बरामद हुए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में ले लिया। घायल युवक को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
पकड़े गए चोर की पहचान अमेठी के थाना जगदीशपुर निवासी सगीर के रूप में हुई। इस बारे में गिलौला थाना प्रभारी विजय बहादुर सिंह बताते हैं कि ग्रामीणों की पिटाई से युवक को चोट आई थी। जिसे इलाज के लिए भिनगा भेजा गया है। वहीं शिव कुमार की तहरीर पर दोनों चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।