श्रावस्ती। सशस्त्र सीमा बल की 60वीं वर्षगांठ बुधवार को मनाई गई। इस दौरान एसएसबी मुख्यालय भिनगा में विभिन्न खेल व सांस्कृतिक गतिविधियां हुईं। जिसमें एसएसबी के जवानों व उनके परिजनों ने हिस्सा लिया।
स्थापना दिवस पर कार्यवाह कमांडेंट संदीप कुमार जेटली ने गार्ड ऑफ ऑनर लेकर जवानों व उनके परिजनों को बधाई देकर महानिदेशक का बधाई संदेश सुनाया। उन्होंने कहा कि एसएसबी का स्थापना दिवस हमारे लिए गर्व का पल है। सीमा की रक्षा में एसएसबी जवान भारत-नेपाल व भूटान सीमा पर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राष्ट्र को दी गई गौरवपूर्ण सेवाओं को मान्यता प्रदान करते हुए 2004 में ही राष्ट्रपति के अलंकरण से एसएसबी को अलंकृत किया गया।
इस दौरान एसएसबी मुख्यालय में वाॅलीबाॅल, म्यूजिकल चेयर, सुई-धागा, बिंदी प्रतियोगिता, मटका फोड़, जलेबी रेस, स्पून रेस व 100 मीटर दौड़ का भी आयोजन किया गया। जवानों व उनके परिजनों ने डंडिया नृत्य, बिहू नृत्य, भांगड़ा, थारू नृत्य एवं गीत-संगीत प्रस्तुत किया। इस दौरान विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।
इस मौके पर बीडीओ हरिहरपुररानी जयप्रकाश, उप कमांडेंट निरुपेश कुमार, सोनू कुमार, डॉ. अजीत, सहायक कमांडेंट पंचानन महाजन, रोहित जयंत महदूम व निरीक्षक रमेश कुमार सहित अन्य जवान व उनके परिजन मौजूद रहे।