श्रावस्ती। संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर व उसके आसपास 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) बनेगा। इसके लिए भूमि चयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। सीसीयू की स्थापना के बाद गंभीर मरीजों को इलाज में सहूलियत होगी।जिले के सीएचसी व पीएचसी से ज्यादातर गंभीर मरीज संयुक्त जिला चिकित्सालय रेफर किए जाते हैं।
अति गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज बहराइच अथवा ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर करना पड़ता है। भविष्य में ऐसा न हो इसके लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर अथवा उसके आसपास अत्याधुनिक उपकरणों से लैस क्रिटिकल केयर यूनिट की स्थापना की जाएगी। इससे कैंसर, लीवर, किडनी, हृदय रोग, सांस रोग, हेड इंजरी, गंभीर चोट व सर्जरी सहित अन्य बीमारियों के गंभीर मरीजों का भिनगा में ही इलाज हो सकेगा।
सीएमएस डाॅ. रामगोपाल बताते हैं कि यूनिट के निर्माण में 70 फीसदी अंशदान केंद्र व शेष 30 फीसदी प्रदेश सरकार देगी। यूनिट में पोर्टेबल एक्स रे मशीन, पोर्टेबल सोनोग्राफी, एडवांस इक्विपमेंट सहित अन्य सुविधाएं होंगी। यूनिट की स्थापना की कवायद शुरू कर दी गई है। चयनित भूमि पर शासन की स्वीकृति मिलते ही कार्रवाई शुरू होगी।