पुलिस की पाठशाला में मौजूद एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम व अन्य। - संवाद
श्रावस्ती। साइबर अपराध रोजाना बढ़ते जा रहे हैं। इससे सुरक्षा के उद्देश्य से बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिनगा में पुलिस की पाठशाला आयोजित की। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मुकेश चंद्र उत्तम ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी।
एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के आधुनिक युग में साइबर अपराधी घर बैठे ही लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। इससे बचने के लिए सोशल मीडिया का प्रयोग सावधानी से करना चाहिए। अपनी निजी जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा न करें।
एएसपी ने विद्यार्थियों को वर्तमान मित्र पुलिस की अवधारणा से अवगत कराया। साथ ही बताया कि जिले के सभी थानों में महिलाओं और विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां केवल महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं।
साइबर थाने के निरीक्षक दिलीप कुमार यादव ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, यातायात प्रभारी मोहम्मद शमीम ने छात्राओं को सुरक्षित सफर व यातायात नियमाें के प्रति जागरूक किया। इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ. एकता यादव, आपदा विशेषज्ञ अरुण मिश्रा और अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
छात्राओं के सवालों का हुआ समाधान
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान किया। कक्षा नौ की छात्रा सुनीता देवी के सूनसान रास्ते पर डर लगने के सवाल पर एएसपी ने 112 नंबर पर आपातकालीन सहायता मांगने की सलाह दी। छात्रा श्रद्धा शुक्ला के इस सवाल पर कि क्या पुलिस मदद करने वालों को परेशान करती है, एएसपी ने स्पष्ट किया कि ऐसा बिल्कुल नहीं है, बल्कि सरकार गुड सेमेरिटन कानून के तहत मदद करने वालों को आर्थिक प्रोत्साहन भी देती है। छात्रा शिवांशी शुक्ला फेक कॉल या ब्लैकमेलिंग संबंधी सवाल किया। इस पर एएसपी ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत संपर्क करने की सलाह दी।