श्रावस्ती। यातायात सुरक्षा सप्ताह पर पुलिस व परिवहन विभाग ने शनिवार शाम जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान सड़क दुर्घटना में मृत लोगों की आत्मा की शांति के लिए कैंडल मार्च भी निकाला गया। वहीं यातायात नियम तोड़ने वाले बीस लोगों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई।
इस दौरान परिवहन, यातायात व पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। यातायात विभाग द्वारा सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे व एआरटीओ प्रशासन क्यूडब्लू खान की अगुवाई में पुलिस, यातायात व परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने भिनगा नगर में वाहन रैली निकाली।
इस बीच लोगों को मार्ग दुर्घटनाओं में होने वाली मौत के प्रति जागरूक किया गया। कहा गया कि सीट-बेल्ट व हेलमेट का प्रयोग केवल चालान से बचने के लिए ही नहीं अपनी सुरक्षा के लिए भी करें।
वाहन रैली के बाद एएसपी बीसी दुबेकी अगुवाई में ईदगाह तिराहे पर कैंडल मार्च निकालकर मृत लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इसके बाद भिनगा नगर में वाहन जांच व अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया।
नगर में बीस वाहनों को सीज कर दिया गया जबकि कस्बे में फुटपाथों पर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी देते हुए तत्काल अतिक्रमण हटवाने का निर्देश दिया गया। इस दौरान कोतवाली प्रभारी दद्दन सिंह, अखिलेश कुमार सहित काफी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।