श्रावस्ती/सिरसिया। खरीफ सीजन की मुख्य फसल धान की रोपाई किसान कर चुके हैं। अब उन्हें डीएपी व यूरिया की जरूरत है। खाद के लिए किसान समितियों का रुख कर रहे हैं, लेकिन उन्हें मायूसी ही हाथ लग रही है। आलम ये है कि किसानों की जरूरत के समय किसी समिति पर डीएपी नहीं है तो कहीं यूरिया नदारद है। यही नहीं, सिरसिया क्षेत्र में सर्वर डाउन होने की समस्या बनी हुई है। शनिवार को सिरसिया की तीन समितियों पर खाद का वितरण ठप रहा।
समितियों पर पसरा रहा सन्नाटा
साधन सहकारी समिति बिशुनापुर पड़वलिया की पड़ताल के दौरान वहां सन्नाटा नजर आया। कुछ लोग चारपाई पर आराम करते नजर आए। किसान आते और जानकारी लेकर लौटते दिखे। सचिव अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि समिति पर 300 बोरी एनपीके और 400 बोरी यूरिया मौजूद है। डीएपी नहीं है। सर्वर डाउन होने के चलते वितरण नहीं हो रहा है। साधन सहकारी समिति गुलरा परसोहना में भी सर्वर के चलते वितरण ठप रहा और सन्नाटा दिखा। सचिव दिलीप सिंह ने बताया कि 300 बोरी एनपीके और 85 बोरी यूरिया उपलब्ध है, लेकिन नेटवर्क संबंधी समस्या के कारण खाद का वितरण नहीं हो रहा है।
...........
समिति पर ताला, डीएपी नदारद
साधन सहकारी समिति वीरपुर में भी सर्वर के चलते खाद का वितरण ठप रहा और समिति बंद मिली। किसान जानकारी के लिए दौड़ लगाते दिखे। सचिव रामानंद यादव ने बताया कि स्टॉक में 360 बोरी एनपीके और 600 बोरी यूरिया है। डीएपी नहीं है, मंगवाया गया है। सर्वर की समस्या के चलते खाद का वितरण नहीं हो रहा है। किसानों को सोमवार को बुलाया गया है। किसान भगोले व रामानंद मिश्रा आदि ने बताया कि कई दिनों से सर्वर की समस्या के चलते खाद का वितरण नहीं हो रहा है।
.........
डीएपी खत्म, लाइन लगाकर मिली यूरिया
गिलौला स्थित बी-पैक्स समिति पर भारी भीड़ दिखी। तेज धूप के बीच किसान खाद का इंतजार करते रहे। सचिव नंद कुमार तिवारी ने बताया कि डीएपी शुक्रवार को खत्म हो गई है, ऑर्डर लगवा दिया गया है, सोमवार तक आ जाएगी। समिति पर 67 बोरी एनपीके थी, जिसमें 26 बोरी का वितरण किया जा चुका है, अभी वितरण जारी है। यूरिया 970 बोरी उपलब्ध है, जिसका वितरण किया जा रहा है।
............
यूरिया नदारद, लौटे किसान
जमुनहा के सेमरहनिया स्थित बी-पैक्स समिति पर डीएपी का वितरण होता मिला। यूरिया खत्म मिली। सचिव नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि 200 बोरी डीएपी आई है, जिसका वितरण किया जा रहा है। यूरिया खत्म हो गई, सोमवार तक आ जाएगी। नासिरगंज स्थित बी-पैक्स समिति पर किसान लाइन में लगे नजर आए। सचिव यज्ञराम पाठक ने बताया कि 800 बोरी यूरिया थी, जिसमें से 303 बोरी का वितरण किया गया है। डीएपी 500 बोरी आई थी, जिसमें 253 बोरी का वितरण किया जा चुका है। सचिव ने बताया कि फार्मर आईडी देखकर वितरण हो रहा है।