राप्ती नदी में नहाने के दौरान तीन किशोरियां गहरे पानी में डूब गईं। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए एक किशोरी को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस, गोताखोर और बचाव दल की मदद से एक किशोरी का शव बरामद हुआ, जबकि दूसरी की तलाश लगातार जारी है। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
भिनगा क्षेत्र में बसंतापुर गांव के पास मंगलवार की दोपहर राप्ती नदी में नहाते समय तीन किशोरियां डूब गई। किशोरियों के साथ मौजूद उनकी सहेलियों का शोर सुन पहुंचे युवकों ने एक किशोरी को सकुशल बाहर निकाल लिया।
विज्ञापन
जबकि दो किशोरियां नदी में डूब गई। ग्रामीणों की सूचना पर आई पुलिस, एसडीआरएफ व अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत कर एक किशोरी के शव को बरामद कर लिया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। कोतवाली भिनगा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसंतापुर निवासी गुंजना(15), रेशमा(15) और सोनवा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत तरवाताल कठौतिया निवासी रिंका (17) मंगलवार की दोपहर सहेलियों के साथ राप्ती नदी के किनारे भैंस चराने गई थीं। भैंस चराने के बाद तीनों नदी में नहाने लगीं।
पैर फिसलने से गिर गए
इस दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चली गईं। उनके साथ गई उनकी सहेलियों ने शोर मचाया। शोर सुनकर पास मौजूद युवक मौके पर पहुंचे और रेशमा को बाल पकड़कर बाहर निकाल लिया। जबकि रिंका और गुंजना गहरे पानी में डूब गईं। किशोरियों के डूबने की सूचना पर सिविल लाइन चौकी प्रभारी विवेक कुमार राठौर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू की।
विज्ञापन
सूचना पर एसडीआरएफ उपनिरीक्षक अंकित यादव व अग्निशमन दल के उपनिरीक्षक अरविंद सिंह भी टीमें के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और किशोरियों की तलाश शुरू की। घंटो की तलाश के बाद रिंका का शव टीम ने बरामद कर लिया। वहीं, गुंजना के शव की तलाश जारी है। किशोरियों के डूबने की सूचना से मौके पर भारी भीड़ जमा रही और परिजन बिलखते रहे।