हादसे में जान गंवाने वाला युवक व किशोर।
श्रावस्ती/इकौना। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन सड़क हादसों में एक युवक व किशोर की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, जबकि घायल युवक को सीएचसी इकौना में भर्ती करवाया गया है।
इकौना के पटखौली रिहरवा निवासी शमशाद (17) सोमवार दोपहर घर का कुछ सामान लेने गिलौला थाना क्षेत्र स्थित सिसवारा चौराहा जा रहा था। इसी दौरान कब्रिस्तान के पास उसकी बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे स्थित पुलिया से टकरा गई। हादसे में शमशाद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
उधर, बलरामपुर जिले के हर्रैया क्षेत्र के ग्राम चौधरीडीह निवासी प्रमुख (25) रविवार देर शाम बाइक से घर लौट रहे थे। सिरसिया-तुलसीपुर मार्ग पर बिनुहनी चौराहे के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। इससे प्रमुख व दूसरी बाइक पर सवार युवक भी घायल हो गया। दोनों को सिरसिया सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्रमुख की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक के चालक को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां से परिजन उसे बस्ती जिला लेकर चले गए। दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। इसी तरह इकौना के मदारा चौकी निवासी रामेश्वर (25) सोमवार को किसी कार्य से पयागपुर जा रहे थे। इस दौरान इकौना-पयागपुर मार्ग पर मदारा चौकी के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इससे रामेश्वर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी इकौना में भर्ती करवाया गया है।
हादसे में जान गंवाने वाला युवक व किशोर।