कटरा (श्रावस्ती)। चौधरी राम बिहारी बुद्धा इंटर कॉलेज कटरा में मंगलवार को विश्व जनसंख्या दिवस पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएचसी अधीक्षक इकौना डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने की। उन्होंने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस एक रिमाइंडर के बतौर कार्य करता है। यह हमे बताता है कि लगातार बढ़ती जनसंख्या कई समस्याओं का मूल कारण है। इस लिए सभी को एकजुटता के साथ जनसंख्या नियंत्रण के सम्मिलित तौर पर प्रयास करना होगा।
इस मौके पर विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने गीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को बढ़ती जनसंख्या से होने वाली परेशानी व समस्याओं के बारे में जागरूक किया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए सीएचसी अधीक्षक ने कहा कि विश्व की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है। इसलिए संसाधनों, पर्यावरण, सामाजिक व आर्थिक स्थितियों सहित हमारे जीवन के विभिन्न पहलुओं पर इसके प्रभाव को समझना बहुत जरूरी है। सतत विकास जनसंख्या नियंत्रण और प्रबंधन से बहुत नजदीक से जुड़ा हुआ है।
जनसंख्या दिवस की थीम हर साल अलग अलग होती है। यह महिलाओं को सशक्त बनाने, शिक्षा और स्वास्थ्य देखभाल तक पहुंच सुनिश्चित करने के महत्व को भी बताती है। इस अवसर पर हुई बच्चों की भाषण प्रतियोगिता में जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना की खुशी कसौधन प्रथम, चौधरी राम बिहारी बुद्धा इंटर कॉलेज की पूजा तिवारी द्वितीय व कैंपस मार्टियर्स एकेडमी की स्तुति श्रीवास्तव तृतीय स्थान पर रही।
विजेताओं को प्रमाण पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य राजेश कुमार यादव, नगर स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अब्दुल हन्नान, जेपी गौतम, संस्कृति जायसवाल सहित लारेंस एकेडमी श्रावस्ती, कैंपस मार्टियर्स एकेडमी इकौना, जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना, चौधरी राम बिहारी बुद्धा इंटर कॉलेज श्रावस्ती, प्रधानमंत्री कौशल प्रशिक्षण केंद्र श्रावस्ती के छात्र छात्राएं मौजूद रहे। संवाद
मां व शिशु को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं परिवार नियोजन
इकौना (श्रावस्ती)। विश्व जनसंख्या दिवस पर मंगलवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना सें जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसका शुभारंभ श्रावस्ती विधायक राम फेरन पांडे ने फीता काटकर किया। इस दौरान श्रावस्ती विधायक ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, खाद्य असुरक्षा और गरीबी जैसी वैश्विक चुनौतियों के मामले में जनसंख्या नियंत्रण एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
लोगों को जागरूक करने के लिए जिले में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जन जन में जागरूकता पैदा करना है। ऐसे में सभी को मां व शिशु को स्वस्थ रखने के लिए परिवार नियोजन अपनाना चाहिए। इस दौरान सीएचसी इकौना अधीक्षक डा. आशीष श्रीवास्तव, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अब्दुल हन्नान, प्रमुख प्रतिनिधि प्रकाश चंद, शिक्षक संघ अध्यक्ष विनय कुमार पांडे, आजम सिद्दीकी, वसीम अहमद सिद्दीकी, जेपी गौतम, बिन्नू तिवारी सहित स्वास्थ्य कार्यकर्ता, एएनएम व आशा मौजूद रहीं।