श्रावस्ती। कोतवाली भिनगा और एसओजी की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को टंडवा पुलिया के पास से दो अंतरजनपदीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी की तीन बाइकें और दो फर्जी पंजीकरण प्रपत्र बरामद हुए हैं।
सीओ आलोक सिंह ने बताया कि एसपी राहुल भाटी के निर्देश पर अपराध नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान कोतवाल राज प्रकाश सिंह को दो संदिग्धों के मौजूद होने की सूचना मिली। उन्होंने एसओजी प्रभारी राना विशाल प्रताप सिंह के साथ घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी की बात स्वीकार की। उनकी पहचान सोनवा थाना क्षेत्र के नासिरगंज निवासी सुनील उर्फ छोटू और भूरे के रूप में हुई। बरामद बाइकों में एक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। जांच में वह नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, लखनऊ के नाम पंजीकृत मिली। अन्य दो बाइकें फखरुद्दीन और वकील अहमद की हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
नेपाल में बेचते थे बाइकें
सीओ ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से दो फर्जी पंजीकरण प्रपत्र भी मिले हैं। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि श्रावस्ती, बहराइच और बलरामपुर समेत अन्य जिलों से बाइक चोरी कर फर्जी दस्तावेज तैयार करवाते थे। इसके बाद चोरी की बाइकें नेपाल में अलग-अलग लोगों को बेच देते थे। दोनों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। सुनील उर्फ छोटू के खिलाफ सोनवा थाने में चोरी और गैंगस्टर एक्ट के तीन तथा बहराइच के रामगांव थाने में चोरी का एक मुकदमा दर्ज है। वहीं, भूरे के खिलाफ बहराइच के कोतवाली देहात में बीएनएस की धारा 303(2) और 317(2) के तहत छह मुकदमे दर्ज हैं।