श्रावस्ती। कोतवाली भिनगा व एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार देररात अंटा तिराहे पर मुठभेड़ के बाद दो चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें एक चोर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं दो अन्य भागने में सफल रहे। चोरों को पकड़ने के दौरान एक सिपाही भी जख्मी हो गया।
एएसपी चंद्रकेश सिंह ने बताया कि रविवार रात कोतवाली भिनगा पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान अंटा तिराहे के पास कुछ चोरों के मौजूद होने व चोरी की योजना बनाने की सूचना मिली। सूचना पर कोतवाल राजप्रकाश सिंह ने एसओजी टीम के साथ मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चोरों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में वर्गावर्गी निवासी मंगरे पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथ मोहल्ला हनुमानगढ़ी निवासी लूची को भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि इनके दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले। धरपकड़ के दौरान गिरकर आरक्षी प्रवीण पांडेय भी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। आरोपियों ने भागे साथियों का नाम हनुमानगढ़ी निवासी गिरीश बहेलिया और वर्गावर्गी निवासी शिवकुमार जायसवाल बताया। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
चोरी के आभूषण व तमंचा बरामद
एएसपी ने बताया कि पकड़े गए चोरों के पास से 315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस, एक चाकू, 5660 रुपये नकदी और चोरी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने भिनगा, सोनवा और सिरसिया थाना क्षेत्रों में हुईं चोरी की तीन घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
लंबा है आपराधिक इतिहास
एएसपी ने बताया कि पकड़े गए चोरों का लंबा आपराधिक इतिहास है। गिरीश बहेलिया के खिलाफ पेड़ काटने और चोरी सहित तीन प्राथमिकी दर्ज हैं। वहीं, लूची के खिलाफ चोरी, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित 16 प्राथमिकी दर्ज हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने के साथ चहलवा, कटकुईया एवं बेहननपुरवा में चोरी की थी। दोनों ने 12 अगस्त को चहलवा निवासी मुबारक अली के घर में सेंध लगाकर चोरी करने की बात भी स्वीकार की है।