श्रावस्ती। जिले में कोरोना संक्रमण को लेकर शनिवार का दिन राहत भरा रहा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में मात्र दो लोगों में ही संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं नौ लोग कोरोना को हराकर स्वस्थ भी हुए। संक्रमित लोगों को लेबल वन हास्पिटल भेजा गया है। संक्रमित लोगों के घर के आसपास क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
वैश्विक महामारी कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच शनिवार का दिन राहत भरा रहा। शनिवार को आई रिपोर्ट में भिनगा नगर के मोहल्ला खलवा बाजार भिनगी चौराहा व इकौना के कंजड़वा में एक एक लोग कोरोना संक्रमित मिले। इन दोनों लोगों को एंबुलेंस से लेवल वन हॉस्पिटल भंगहा भेजा गया है।
इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर वहां लोगों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। वहीं शनिवार को लेबल वन हास्पिटल से नौ लोगों को स्वस्थ होने के बाद घर भेजा गया। इनमें से इकौना के मोहल्ला गौतम नगर निवासी दो, इकौना बाईपास निवासी एक, गिलौला के शाहपुर बरा निवासी तीन, सिरसिया के मेढ़किया निवासी एक, नौसहरा पुरवा निवासी एक, जमुनहा बाजार निवासी एक लोग शामिल हैं।
जिले में अब तक 30721 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। इनमें से 29822 लोगों की रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है। 917 लोग कोरोना संक्रमित मिले, इनमें से 13 लोगों की मौत भी हुई है। जिले में मौजूदा समय कुल 84 केस एक्टिव हैं। जिले में कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या अब तक 196 पहुंच चुकी है।
इनमें से 41 कंटेनमेंट जोन अब भी सक्रिय हैं। जिनमें इकौना में 20, गिलौला में 05, भंगहा में 03, जमुनहा में 06, सिरसिया में 04 व भिनगा में 03 जोन सक्रिय हैं। वहीं सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने लोगों से अपील की है कि कोरोना की चेन तोड़ने के लिए लोग मास्क व गमछा का प्रयोग करें। सामाजिक दूरी का अनुपालन करें। साथ ही घर पर वापस लौटने पर साबुन से हाथ जरूर धुलें।