इकौना (श्रावस्ती)। भोजपुर पुल के पास शनिवार सुबह पिकअप व बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भिनगा क्षेत्र के ग्राम पटना खरगौरा निवासी दिनेश सोनी (35) की पुत्री लक्ष्मी देवी व गांव के ही रमेश तिवारी (55) की पौत्री अलका तिवारी अटल आवासीय विद्यालय मनकापुर गोंडा में पढ़ती हैं। दोनों बाइक से शनिवार को उनसे मिलने गोंडा जा रहे थे।
भिनगा-इकौना मार्ग स्थित भोजपुर नाला पुल के पास इकौना की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दिनेश सोनी की मौके पर ही मौत हो गई। रमेश गंभीर रूप से घायल हो गए। इकौना पुलिस ने रमेश को एंबुलेंस से सीएचसी इकौना पहुंचाया। दिनेश का शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया।
रमेश की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच व बाद में बहराइच से लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ में इलाज के दौरान रमेश की मौत हो गई। दोनों के परिजन बेसुध हैं।