श्रावस्ती। जिले की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आए 84 में से मात्र 11 मामलों का ही मौके पर ही निस्तारण हो पाया। भिनगा में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता एसडीएम आशीष भारद्वाज ने की। इस दौरान आए 50 में से मात्र तीन मामलों का ही निस्तारण हो सका। वहीं जमुनहा में 13 के सापेक्ष तीन व इकौना तहसील में 21 में से पांच मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस विभाग की टीम गठित करने का निर्देश दिया गया।
आर्थिक सहायता दिलाने की मांग
भिनगा क्षेत्र के ग्राम खैरीकला निवासी उर्मिला देवी ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायती पत्र दिया है। पीड़िता ने कहा कि उसके पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इलाज कराने के लिए उसके पास पैसा नहीं है। पीड़िता ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
भूमि पैमाइश की मांग
भिनगा क्षेत्र के ग्राम हरिहरपुररानी निवासी मुंशरीफ ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायती पत्र दिया है। कहा कि उसकी भूमि पर गांव के ही दबंगों ने कब्जा कर लिया। विरोध पर मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। पीड़ित ने भूमि पैमाइश कराकर कब्जा दिलाने की मांग की है।
तालाब की मेड़बंदी कराने की मांग
भिनगा क्षेत्र के ग्राम पंडितपुरवा निवासी प्रखर ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायती पत्र सौंपा है। पीड़ित ने कहा कि गांव के निकट ही एक तालाब है। जिसकी मेड कट चुकी है, जिससे अक्सर तालाब का पानी बाहर आ जाता है। पीड़ित ने तालाब की मेडबंदी कराने की मांग की है।