मुठभेड़ में घायल आरक्षी का हाल जानते एसपी।
श्रावस्ती। कोतवाली भिनगा पुलिस के साथ अंटा तिराहे के पास रविवार रात हुई मुठभेड़ में 50-50 हजार के इनामी दो बदमाश गिरफ्तार कर लिए गए। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने छह राउंड फायरिंग की। इसमें एक गोली कोतवाल की बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। वह जख्मी होने से बच गए। वहीं आपाधापी में गिरकर उपनिरीक्षक चोटिल हो गए। पुलिस की जवाबी कारवाई में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। इसके बाद टीम ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से दो देसी तमंचा, एक कारतूस व विभिन्न चोरी की घटनाओं से अर्जित 15000 रुपये नकद व आभूषण बरामद हुआ है।
एसपी राहुल भाटी ने बताया कि कोतवाल राज प्रकाश सिंह को रविवार रात दो शातिर अपराधियों के अंटा तिराहा के पास जंगल की ओर से जाने की सूचना मिली। इस पर एसओजी प्रभारी दीपक कुमार दुबे की टीम के साथ कोतवाल ने अंटा तिराहे के पास घेराबंदी की। इस दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस टीम ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। दोनों ने पुलिस टीम पर छह राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली कोतवाल की बुलेट प्रूफ जैकेट में भी लगी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 50 हजार का इनामी शातिर चोर भिनगा के हनुमानगढ़ी मोहल्ला निवासी गिरीश बहेलिया पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे व उसके साथी गोबार निवासी शिव कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान गिरने से उपनिरीक्षक अनुराग सिंह सिंह भी घायल हो गए। घायल गिरीश बहेलिया व उपनिरीक्षक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
दर्ज हैं कई मुकदमे, कई चोरियों को स्वीकारा
एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने भिनगा क्षेत्र में घर में घुसकर चोरी करने, सिरसिया के पटखौली व फटवा के मजरा बनकटवा में चोरी करने, चहलवा में घर में सेंध लगाकर चोरी करने की बात स्वीकार की है। चोरी के आभूषण कुछ सामान को दोनों ने नेपाल में बेच दिया है। दोनों के पास से 15000 रुपये नकद व कुछ आभूषण प्राप्त हुआ है। गिरीश बहेलिया के खिलाफ श्रावस्ती व बस्ती में कुल 23 प्राथमिकी और शिवकुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में नौ प्राथमिकी दर्ज हैं।