सिरसिया (श्रावस्ती)। थाना क्षेत्र सिरसिया के एक गांव निवासिनी किशोरी के साथ वृद्ध ने दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी की मां को आता देख आरोपी मौके से भाग गया। मां की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी पीड़िता के घर पर छह वर्ष से रहता था।
सिरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी वृद्ध थाना क्षेत्र के ही एक गांव निवासी व्यक्ति के यहां छह वर्ष से रहता था। 31 मई की रात गृहस्वामिनी की पुत्री घर के आंगन में सो रही थी जबकि महिला छत पर थी। देर रात महिला की आंख खुली तो वह छत से नीचे उतरने लगी। इस बीच उसकी नजर आंगन में सोई बेटी पर पड़ी तो वह हक्का-बक्का रह गई।
वृद्ध किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास कर रहा था। महिला को देखते ही वह वहां से हट गया। पूछने पर आरोपी ने बताया कि किसी काम से वह आंगन में गया था। इसके बाद वह मौके से भाग गया। वहीं किशोरी की हालत देख महिला को दुष्कर्म के प्रयास की आशंका हुई।
इस मामले में पीड़ित मां ने सिरसिया थाने में तहरीर दी। पुलिस ने जांच के बाद शनिवार को छेड़छाड़, पास्को एक्ट व एससी/एसटी एक्ट में केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस बारे में अपराध निरीक्षक सिरसिया अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि मामला दर्जकर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।