श्रावस्ती। आने वाले दिनों में बैंक उपभोक्ता धन निकासी के लिए एटीएम के भरोसे न रहे। इसका कारण 26 सितंबर से सात दिनों तक बैंकों में लेनदेन का बंद रहना है। इस लिए उपभोक्ता पैसों का इंतजाम पहले ही कर लें, नहीं तो बाद में भटकना पड़ सकता है।
एटीएम या फिर बैंक से रोजमर्रा के खर्चे के लिए पैसा निकालने वाले उपभोक्ताओं के लिए आने वाले कुछ दिन मुश्किल भरे हो सकते हैं। इसका कारण 26 सितंबर से कई दिन तक बैंकों का बंद रहना है। 26 व 27 सितंबर को विभिन्न मांगों के समर्थन में बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान बैंक बंद रखने की घोषणा की गई है।
28 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण बैंक नहीं खुलेंगे। 29 सितंबर को रविवार की छुट्टी है। इस प्रकार चार दिन लगातार बैंक में ताले लटकते मिलेंगे। 30 सितंबर को बैंक की अर्धवार्षिक क्लोजिंग है। इस दिन बैंक तो खुलेगा, लेकिन कामकाज की रफ्तार सुस्त रहेगी।
एक अक्तूबर को बैंक से जुड़े कार्य होंगे, लेकिन दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर सभी सरकारी व गैरसरकारी कार्यालयों के साथ बैंक भी बंद रहेंगे। इसलिए जरूरी खर्च के लिए पैसों की व्यवस्था पहले ही कर लें। वहीं इस दौरान एटीएम के भरोसे रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।