हादसे के बाद अस्पताल में बिलखते परिजन। - संवाद
श्रावस्ती। भिनगा क्षेत्र के ग्राम उदईपुर के निकट शनिवार को एक ट्रैक्टर सड़क किनारे तालाब में पलट गया। हादसे में ग्राम शिवबालकपुरवा निवासी चालक दिनेश (25) की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर पर सवार दिनेश के भाई शिवराम (27) गंभीर रूप से घायल हो गए।
भिनगा क्षेत्र के ग्राम शिवबालकपुरवा निवासी कुंवरजीत ने बताया कि उनका भतीजा दिनेश अपने ट्रैक्टर से खेत की जोताई करने जा रहा था। उसी ट्रैक्टर पर उसका भाई शिवराम भी सवार था। भिनगा-बेलहाकुटी मार्ग पर ग्राम उदईपुर के निकट दिनेश ने ट्रैक्टर से नियंत्रण खो दिया। इससे ट्रैक्टर सड़क किनारे बने तालाब में पलट गया।
आसपास मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर के नीचे से दिनेश व शिवराम को बाहर निकाला और एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया। शिवराम की हालत गंभीर होने से चिकित्सकों ने उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दिनेश के परिवार में मातम पसर गया है।