सिरसिया (श्रावस्ती)। एक सप्ताह पूर्व दिल्ली से घर लौटे पिता-पुत्र सहित एक ही परिवार के तीन सदस्यों में कोरोना की संभावना जताई जा रही है। काफी इलाज के बाद भी हालत में सुधार न होने पर शनिवार देर शाम गांव पहुंचे सीएचसी अधीक्षक की ओर से तीनों लोगों को अस्पताल लाया गया। जहां आरक्षित वार्ड में भर्ती कर उनकी देखरेख की जा रही है। सोमवार को उनका सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। इसकी सूचना के बाद लोगों में बीमारी को लेकर हड़कंप मचा हुआ है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के निवासी एक ही परिवार के तीन लोग दिल्ली में रह कर मेहनत मजदूरी करते हैं। वहां से तीनों लोग होली का त्योहार मनाने के लिए नौ मार्च को अपने घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद तीनों सर्दी, जुकाम व बुखार से पीड़ित थे। उनका काफी इलाज कराया गया, लेकिन तीनों की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। वहीं, पिता-पुत्र सहित तीनों को कोरोना का संदिग्ध मानते हुए ग्रामीणों की ओर से इसकी सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया के अधीक्षक को दी गई।
सूचना के बाद शनिवार देर शाम गांव पहुंचे सीएचसी अधीक्षक ने टीम के साथ तीनों लोगों से बीमारी के बारे में जानकारी ली। इसके बाद तीनों लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया लाया गया, जहां आरक्षित वार्ड में तीनों को भर्ती किया गया है। वहीं, इस बारे में सीएचसी अधीक्षक डॉ. एसके सिंह ने बताया कि रविवार को अवकाश के कारण उनके रक्त व बलगम की जांच नहीं हो सकी है। सोमवार को तीनों लोगों का नमूना जांच के लिए भेजा जाएगा। तब तक इन्हें अस्पताल में ही भर्ती रखा जाएगा।