तुलसीपुर (श्रावस्ती)। दिकौली गांव में रविवार को बच्चों के खेलते समय उनकी गेंद गेहूं के खेत में चली गई। इसी बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें एक युवती को चोट आई। सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोनवा थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय दिकौली स्थित खेल मैदान में रविवार को गांव के बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान खेलते समय गेंद गांव निवासी शिव कुमार के गेहूं के खेत में चली गई, जिसे लेने के लिए गुल्ले पुत्र ताहिर गेहूं के खेत में गया था। इसे देख वहां मौजूद रीमा पुत्री शिवकुमार ने गेहूं की फसल खराब होने की बात कह गुल्ले को खेत में जाने से मना किया।
इसी बात से नाराज गुल्ले ने अपने घर जाकर इसकी जानकारी परिवारीजनों को दी। जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे गुल्ले के बड़े भाई रमजान ने रीमा से अभद्रता शुरू कर दी, जिसका विरोध करने पर रमजान ने रीमा की पिटाई कर दी। इसी दौरान मौके पर पहुंचे दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची 112 डायल पुलिस दोनों पक्ष को अपने साथ सोनवा थाने ले गई। जहां रीमा की मां ज्ञाना देवी की तहरीर पर सोनवा पुलिस ने गुल्ले, रमजान व गुल्ले की मां के विरुद्ध मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।