श्रावस्ती में तीन लोग संक्रमण की चपेट में
श्रावस्ती। जिले में कोरोना का प्रकोप अभी जारी है। सोमवार को जारी की गई रिपोर्ट में तीन लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई, जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही जिले में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 36 पहुंच गई है।
वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को जारी रिपोर्ट में जमुनहा के पटपरगंज निवासी एक, इकौना के लंबरदार पुरवा निवासी एक व मिश्रौलिया के मजरा नवपुरवा निवासी एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला, जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर वहां आसपास रह रहे लोगों को एहतियात बरतने का निर्देश दिया गया है। जिले में मौजूदा समय कुल 36 एक्टिव केस हैं। इस बारे में सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने कहा कि सावधानी बरत कर ही कोरोना से बचा जा सकता है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि कोरोना प्रोटोकाल का अनुपालन करते हुए बगैर मास्क घर से बाहर न निकलें। एक-दूसरे से दो गज की दूरी बनाएं रखें। लोग भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।