श्रावस्ती। सीएचसी भंगहा का सोमवार को सीएमओ ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान यहां तैनात एक स्टाफ नर्स व दो चालक नदारद मिले। सीएमओ ने तीनों अनुपस्थित कर्मचारियों का अनुपस्थिति अवधि का मानदेय रोक दिया है। वहीं अन्य कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है।
सीएचसी भंगहा के निरीक्षण में सीएमओ डॉ. वीके सिंह को प्रभारी अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार उपस्थित मिले। उपस्थिति पंजिका निरीक्षण में आरबीएसके स्टाफ नर्स आयशा बानो तीन अगस्त से नदारद मिलीं। वहीं सेवा प्रदाता के माध्यम से तैनात वाहन चालक सुरेश कुमार श्रीवास्तव व उमेश वर्मा सोमवार को अनुपस्थित मिले। इस पर सीएमओ ने अनुपस्थित अवधि का मानदेय अग्रिम आदेशों तक बाधित कर दिया।
साथ ही अधीक्षक को निर्देश दिया कि वह संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर अवगत कराएं। चिकित्सालय में तैनात सहायक शोध अधिकारी चंद्रकेश त्रिपाठी के कार्यों की समीक्षा में पता चला कि उनकी ओर से किसी प्रकार का कार्य नहीं किया जाता है। अ
धीक्षक भी इनके कार्यों के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर अधीक्षक को चंद्रकेश त्रिपाठी की ओर से एक वर्ष के कार्यों की समीक्षा कर आख्या उपलब्ध का निर्देश दिया। वहीं मीटिंग हाल में आशा संगिनी की बैठक चल रही थी। इसमें सात के सापेक्ष चार आशा संगिनी ही उपस्थित मिलीं। 34 के सापेक्ष मात्र 29 आशा उपस्थित मिलीं। इस पर अधीक्षक को अनुपस्थित आशा संगिनी व आशा से स्पष्टीकरण प्राप्त करने को कहा।
यहां राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधन इकाई का भी सीएमओ ने निरीक्षण किया। जहां इस वर्ष की आरसीएच कैशबुक नहीं बनी मिली। इस पर अद्यतन के लिए ब्लॉक एकाउंट मैनेजर आकाश सोनी को निर्देशित किया। प्रसव कक्ष निरीक्षण में स्टाफ नर्स ममता उपाध्याय व रीता यादव उपस्थित मिलीं। वार्ड में चार मरीज थे, जिसमें से दो महिलाओं विद्यावती व सुमन का प्रसव हो चुका था। सीएमओ ने 108 एंबुलेंस सेवा के अभिलेखों का सत्यापन भी किया।