श्रावस्ती। भिनगा क्षेत्र के गोठवा गांव निवासी पवन कुमार की बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसओजी व कोतवाली पुलिस ने वर्गावर्गी जंगल से आरोपियों को पकड़कर उनके पास से चोरी की चार बाइकें, कूटरचित नंबर प्लेट, पंजीकरण प्रमाणपत्र, मास्टर चाबियों का गुच्छा और 3100 रुपये नकद बरामद किए। रविवार को सीओ आलोक कुमार सिंह ने मामले का खुलासा किया।
पवन कुमार ने पांच नवंबर को कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उन्होंने जिला चिकित्सालय परिसर में ओपीडी के पास बाइक खड़ी की थी और ड्यूटी पर चले गए थे। उसी दौरान चोर बाइक उड़ा ले गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सोनवा क्षेत्र के नासिरगंज निवासी अमजद, इरफान और भिनगा के मछरिहवा गांव निवासी समीउल्ला को गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।
सीओ आलोक कुमार सिंह ने बताया कि अमजद के विरुद्ध बहराइच के विभिन्न थानों में, जबकि इरफान के विरुद्ध मल्हीपुर थाने में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
वे चोरी की बाइकों की पहचान छिपाने के लिए उनकी नंबर प्लेट बदलकर कूटरचित नंबर प्लेट लगाते थे। इसके अलावा फर्जी पंजीकरण प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल कर बाइक दूसरे स्थानों पर ले जाते थे। आरोपी चोरी की बाइकों को नेपाल राष्ट्र में भेजकर बेचने का काम भी कर चुके हैं।