जमुनहा (श्रावस्ती)। पूरे प्रदेश में शनिवार व रविवार को दो दिवसीय लॉकडाउन है। अनावश्यक रूप से लोगों का घरों से बाहर निकलना पूर्णतया प्रतिबंधित है। विशेष आवश्यकता पर घरों से बाहर निकलने वालों को मास्क व सामाजिक दूरी का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया है। ऐसा न करने वालों से जुर्माना वसूलने का प्राविधान है।
जिसकी जिले में शनिवार को धज्जियां उड़ाई गईं। मोहम्मदपुर के निकट जंगल में शनिवार को आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट को देखने के लिए हजारों की भीड़ एकत्र हुई। इस दौरान लोगों की ओर से कोरोना प्रोटोकाल को नजर अंदाज किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को मौके से खदेड़ा।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परसा डेहरिया के मजरा मोहम्मदपुर के निकट खाली पड़ी वन विभाग की भूमि पर छह अगस्त से मैच आयोजित हो रहा है। शनिवार को मैच का सेमीफाइनल देखने के लिए हजारों की भीड़ जुटी। इस मैच मेें मेरठ, मऊ, फर्रुखाबाद, आजमगढ़, कानपुर सहित कई अन्य जिलों की टीमें प्रतिभाग कर रही थी।
इस दौरान न तो लोगों की ओर से सामाजिक दूरी का अनुपालन किया गया। और न ही किसी के चेहरे पर मास्क व गमछा ही देखने को मिला। इसकी सूचना फोन पर किसी ने प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर दद्दन सिंह को दी। जिनके निर्देश पर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक केशवराम मौर्या ने दर्शकों को खदेड़ा।
इसके बाद वहां भगदड़ मच गई। घंटो मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को हटाया। इस बारे में मल्हीपुर के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मैच के आयोजक की तलाश की जा रही है। कानून का उल्लंघन करने वाले आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।