श्रावस्ती। तीन अभियोगों में छह अपराधियों को सजा दिलाने वाले अभियोजन अधिकारियों और पैरोकार को सम्मानित किया किया जाएगा। एसपी राहुल भाटी ने अभियोजन अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र और पैरोकार सोनवा को 3000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
एसपी ने बताया कि विशेष लोक अभियोजक प्रेम कुमार मिश्रा व पैरोकार सोनवा सुभाष चंद्र के बेहतर पैरवी पर अभियुक्त अज्जम को 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 40 हजार रुपये जुर्माने व दूसरे मामले में चार अभियुक्तों ओंकार वर्मा, मनोज वर्मा, सेठ उर्फ ओंकार कश्यप और हरिश कश्यप को 20-20 वर्ष का सश्रम कारावास और प्रत्येक को 55 हजार रुपये का जुर्माना हुआ। अपर जिला शासकीय अधिवक्ता सत्येंद्र बहादुर सिंह और पैरोकार सोनवा ने तीसरे मामले में पैरवी कर अभियुक्त नन्हकने उर्फ दिनेश सिंह को पांच वर्ष का सश्रम कारावास और 10 हजार रुपये का अर्थदंड की सजा सुनाई है। ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान में बेहतरीन कार्य करने पर पैरोकार को प्रत्येक वाद के लिए 3000-3000 रुपये नकद पुरस्कार व अभियोजन अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।