गर्मी से मिली राहत, मड़ाई का काम बाधित होने से किसानों की बढ़ी मुश्किलें
फोटो-09
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। तराई में मौसम का मिजाज सोमवार दूसरे दिन भी बदला रहा। पूरे दिन काले बादल छाए रहे। इस बीच सुबह से दोपहर तक बूंदाबांदी का दौर चलता रहा। देर शाम झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। वहीं मौसम की बेरुखी के कारण किसानों की दुश्वारियां बरकरार रहीं। ऐसे में किसान मौसम सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।
जिले में मौसम का मिजाज रविवार से ही खुशगवार बना हुआ है। लगातार बादल छाए होने व पछुआ हवा चलने के कारण जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं कई दिनों से भीषण गर्मी से जूझ रहे इंसानों व मवेशियों को भी राहत मिली है। मौसम खुशगवार होने का असर बाजारों में देखने को मिला। वहां पूरे दिन चहल पहल रही। चुनावी मौसम में दो दिनों से चल रही ठंडी हवा ने चुनावी पारा भी चढ़ा दिया है। ऐसे में प्रत्याशी भी पूरे दिन चुनाव प्रचार करते नजर आए। वहीं देर शाम हुई बूंदाबांदी से जिन किसानों ने गेहूं की फसल काट कर मड़ाई के लिए खलिहानों में रखी थी, वहां गेहूं में नमी आ जाने के कारण मड़ाई का काम बाधित हो गया है। ऐसे में किसान मौसम सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।