गिरंट बाजार (श्रावस्ती)। जिले में परिषदीय विद्यालयों में पठन-पाठन का क्या हाल है, इसकी बानगी बुधवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय पटपरगंज में देखने को मिली। दूसरे स्कूल के शिक्षक ने बच्चों को कक्षा कार्य दिया और चले गए।
विद्यालय में मौजूद छात्र मारूफ, रुकसाना, खुशबू व शमशाद आदि ने बताया कि सुबह अनुचर अतीक आए थे, कुछ देर बाद कहीं चले गए। काफी देर तक किसी के न आने पर हम सभी खुद ही पढ़ाई करने लगे। कुछ देर बाद प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक दिनेश यादव आए थे, उन्होंने हम सभी को कक्षा कार्य दिया है, जिसे हम लोग कर रहे हैं।
मामले की जानकारी नहीं है। सभी शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए निर्देशित किया गया है। शिक्षक के स्कूल से नदारद रहने की जांच करवाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-सतीश कुमार, खंड शिक्षाधिकारी