तीन वर्ष से बन रही पानी टंकी।- संवाद
इकौना। इकौना तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत नरपतपुर, महदेइया व रमवापुर में जल जीवन मिशन योजना के तहत पानी की टंकियों का निर्माण जारी है। इसमें करोड़ों की लागत के बाद भी काम अधूरा पड़ा हुआ है। इन गांवों में तीन-तीन साल से निर्माण चल रहा है। कई स्थानों पर टंकियों का निर्माण पूरा हो गया है। इसके बाद भी संचालन शुरू नहीं हुआ है।
ग्राम पंचायत महदेइया में पानी की टंकी का निर्माण पूरा हो गया है। घरों में पाइप लाइन भी बिछा दी गई है लेकिन जलापूर्ति नहीं हो सकी है। ग्राम प्रधान वीर शंकर मिश्रा ने बताया कि पानी की टंकी कई महीनों से सफेद हाथी की तरह खड़ी है। जिम्मेदार पानी की टंकी बनाकर पाइपों को जोड़ना भूल गए।
ग्राम पंचायत रमवापुर में भी जलजीवन मिशन योजना के तहत पानी की टंकी बनवाई जा रही है लेकिन निर्माण अभी तक अधूरा है। तीन सालों में अभी तक टंकी का निर्माण नहीं हो सका है और टंकी बांस-बल्लियों से घिरी है। गांव निवासी राज नरायण जायसवाल ने बताया की जल जीवन योजना में लापरवाही बरती जा रही है। जिम्मेदार अधिकारी भी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। तीन सालों में आधा काम भी नहीं हो सका है ऐसे में लगता है अगले दो साल तक पानी मिलना मुश्किल है।
ग्राम पंचायत नरपतपुर में पानी की टंकी का निर्माण पूरा हो गया है। जलापूर्ति के लिए पाइपें भी डाल दी गई हैं लेकिन संचालन नहीं शुरू हुआ है। मानक विहीन सामान का प्रयोग करने व हल्की पाइपें डालने का आरोप ग्रामीण लगा रहे हैं। ग्राम प्रधान अरशद खान ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के नाम पर गांव की सड़कों, खड़जाें को खोद डाला है। वहीं, खोदने के बाद गड्ढों को भरा भी नहीं गया है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
टंकियों के निर्माण कार्य की जांच करवाई जाएगी। अगर कहीं भी लापरवाही होती मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्राचार किया जाएगा।
पीयूष जायसवाल, एसडीएम इकौना