श्रावस्ती। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिनगा में इन दिनों सर्दी व बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। शुक्रवार को करीब 350 मरीज सीएचसी पहुंचे, जिनमें से ज्यादातर लोग वायरल बुखार व मौसम जनित बीमारियों के शामिल रहे। तराई में मौसम धीरे-धीरे परिवर्तित हो रहा है। सुबह व शाम को हल्की ठंड का भी एहसास हो रहा है, लेकिन दिन में निकलने वाली चटक धूप लोगों के पसीने छुड़ा रही है। ऐसे में लोग वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं।
बुखार से पीड़ित मरीजों की मलेरिया व डेंगू की जांच भी कराई जा रही है। डॉ. अश्वनी लाल मिश्रा ने बताया कि बदलते मौसम में अक्सर वायरल बुखार व सर्दी के मरीज बढ़ जाते हैं। दिन में होने वाली गर्मी में लोगों को ठंडे खाद्य पदार्थ के सेवन से बचना चाहिए। रात में सोते समय एसी का प्रयोग न करें। पंखा व कूलर भी मध्यम गति से ही चलाएं। इस मौसम में बच्चों का अधिक ध्यान रखने की जरूरत है। बच्चों व बुजुर्गों को सुबह गुनगुने पानी से ही नहलाएं। गले में खरास होने पर गुनगुना पानी पीएं और चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें।