एसडीएम इकौना को ज्ञापन सौंपते हिंदू संगठन के कार्यकर्ता व व्यापारी ।
इकौना (श्रावस्ती)। इकौना नगर के मुक्तिधाम में बगैर अनुमति सैकड़ों पेड़ सागौन व शीशम के काटकर उठा लिए गए। इससे नाराज हिंदू संगठन के कार्यकर्ता आंदोलित हैं। बुधवार को कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों संग इकौना नगर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने व्यापारी नेता कन्हैया कसौधन के नेतृत्व में नगर पंचायत का घेराव कर एसडीएम इकौना को ज्ञापन सौंपा।
एसडीएम ओम प्रकाश को सौंपे ज्ञापन में इकौना नगर के व्यापारियों व हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा है कि इकौना के मुक्तिधाम में सैकड़ों पेड़ शीशम व सागौन आदि लगे हुए थे। इन पेड़ों को नगर पंचायत प्रशासन ने चोरी से काटकर बेच दिया। इसका नगर के व्यापारी व हिंदू संगठन के कार्यकर्ता विरोध करते हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं व व्यापारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष गजाला चौधरी, उनके पति नसीम चौधरी व ईओ इकौना के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी नगर के प्रमुख मार्ग से होते हुए इकौना तहसील पहुंचे। वहां दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दिया कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो व्यापारी बाजार बंद कर उग्र आंदोलन करेंगे। इस दौरान संजय गुप्ता, हरिराम गुप्ता, अजय वर्मा, ओंकार तिवारी, अजय नैयर, आत्मा प्रकाश, जयप्रकाश सोनी सहित काफी संख्या में व्यापारी व हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।