श्रावस्ती/वीरपुर। तराई में शनिवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री पहुंच गया। भीषण उमस के बीच लगभग 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झुलसाने वाली गर्म हवा भी चली। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला। जरूरी होने पर ही लोग घर से निकले। इस दौरान दिनभर रुक-रुक कर बिजली कटौती हुई, जिससे लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा।
तराई में जारी भीषण गर्मी व बिजली कटौती का असर कारोबार पर भी पड़ रहा है। भिनगा कस्बा निवासी कपड़ा व्यापारी अनुपम ने बताया कि दोपहर के समय एक भी ग्राहक नहीं आता। सिर्फ शाम को ही बाजार गुलजार रहता है। भीषण उमस के बीच दिन व रात में हो रही बिजली कटौती और परेशान कर रही है।
भीषण गर्मी और अघोषित बिजली कटौती से कटरा बाजार में सन्नाटा देखने को मिला। किराना दुकानदार राकेश यादव ने बताया कि ग्राहकों की आवाजाही बहुत कम हो गई है, इससे कारोबार लगातार घट रहा है। मोबाइल दुकानदार संजय मौर्य ने भी ऐसी ही स्थिति बताई। व्यापारियों का कहना है कि अघोषित बिजली कटौती का भी असर व्यापार पर पड़ रहा है।