श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली क्षेत्र के खैरीकला गांव में स्थित पुल के नीचे एक अज्ञात युवक का शव पानी में उतराता मिला। बुधवार को ग्रामीणों ने इसकी सूचना भिनगा कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पानी से निकलवा कर पोस्टमार्टम हाउस भेजा। शव की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। पुलिस युवक की पहचान कराने में जुटी है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के खैरीकला गांव में बुधवार सुबह पुल के नीचे पानी में एक युवक की लाश उतराती मिली। मामले की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो कुछ ही देर में पुल व आसपास भीड़ एकत्र हो गई। इसकी सूचना ग्रामीणों ने भिनगा कोतवाली पुलिस को दी। भिनगा कोतवाली पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया।
आसपास मौजूद लोगों से शव की शिनाख्त कराई, लेकिन कोई भी व्यक्ति मृतक के बारे में जानकारी नहीं दे सका। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी दद्दन सिंह ने बताया कि सुबह खैरीकला गांव में पुल के नीचे पानी में एक शव पड़े होने की सूचना मिली थी। स्वयं मौके पर गया था।
शव को पानी से निकलवाकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। शव की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।