देवरा गांव में मृतका के घर में साक्ष्य तलासते अधिकारी।
- फोटो : SRAWASTI
तुलसीपुर / जमुनहा (श्रावस्ती)। मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरा में शुक्रवार को खाना बनाते समय गैस सिलेंडर की पाइप फटने से एक महिला की झुलस कर मौत हो गई थी। परिवारीजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया था।
वहीं घटना की जानकारी पर मृतका की मां ने मल्हीपुर पुलिस को मामले में तहरीर दी। पुलिस ने शनिवार देर शाम को हत्या व साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर रविवार को कब्र खोदवाई। इसके बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।
बहराइच के थाना दरगाह अंतर्गत ग्राम तुरहनी रज्जब निवासी आबिद खान ने अपनी पुत्री फातिमा (30) का निकाह मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरा निवासी नसीम पुत्र गुलाम हैदर से किया था। फातिमा को उसके ससुरालीजनों ने 15 नवंबर को गंभीर रूप से झुलसी हालत में जिला अस्पताल बहराइच में भर्ती कराया था।
उस समय ससुराल वालों ने बताया था घर में खाना बनाते समय रसोई गैस की पाइप फटने से फातिमा झुलस गई थी। इलाज के दौरान अस्पताल में फातिमा की मौत हो गई थी। इसके बाद ससुरालीजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। वहीं 16 नवंबर को फातिमा की मां ताजमून निशा ने मल्हीपुर थाने में तहरीर देकर उसके पति नसीम, ससुर गुलाम हैदर, ननद खातिजा व देवर सलीम पर बेटी को मार कर जला देने का आरोप लगाया।
तजमुन की तहरीर पर मल्हीपुर पुलिस ने हत्या करने व साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर लिया। वही पुलिस ने रविवार को एसडीएम जमुनहा मायाशंकर यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी जमुनहा हौसला प्रसाद की मौजूदगी में कब्र खुदवा कर शव को बाहर निकलवाया। इसे बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं मौके पर पहुंची फारेंसिक टीम ने मृतका का कमरा खुलवाकर साक्ष्य एकत्र किया। घटना के संबंध में प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर देवेंद्र पांडेय ने बताया कि मां की ओर से तहरीर मिली थी। इस पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।