श्रावस्ती। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं मंगलवार से प्रारंभ हो चुकी हैं। परीक्षार्थी कोर्स का रिवीजन करने को दिन-रात एक कर रहे हैं। ऐसे में शाम व भोर का समय परीक्षार्थियों के शिक्षण कार्य के लिए सबसे मुफीद माना जा रहा है। वहीं इसके विपरीत चार दिनों से बिजली निगम द्वारा देर शाम व भोर में अघोषित कटौती की जा रही है जिससे छात्रों की परीक्षा पूर्व तैयारियों में व्यवधान पैदा हो रहा है। निगम की इस लापरवाही पर परीक्षार्थियों सहित उनके परिजनों में आक्रोश पनप रहा है।
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो चुकी हैं। ऐसे में परीक्षार्थी परीक्षा पूर्व अपने विषय को दोहरा रहे हैं। बच्चे शाम सात बजे से रात 11 बजे तक व भोर तीन बजे से छह बजे तक विषयों का रिवीजन कर रहे हैं। तमाम परीक्षार्थी अपना घर छोड़ कर परीक्षा केंद्रों के आसपास किराए पर कमरा लेकर परीक्षा दे रहे हैं।
ऐसे में उन्हें शाम व भोर में अध्ययन के साथ ही भोजन भी पकाना पड़ रहा है। सोमवार भोर करीब साढ़े तीन बजे बिजली निगम द्वारा ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित कर दी गई जिसे सुबह आठ बजे के बाद बहाल किया गया। वहीं मंगलवार सुबह पांच बजे आपूर्ति बाधित कर दी गई। ऐसा ही बुधवार को भी रहा जब निगम द्वारा सुबह पांच बजे से साढ़े छह बजे तक आपूर्ति बाधित रखी गई।
यही हाल सायंकालीन आपूर्ति की भी है। कभी सात बजे तो कभी आठ बजे से डेढ़ से दो घंटे के लिए आपूर्ति बाधित की जा रही है। इससे जहां परीक्षार्थियों को भोजन पकाने में असुविधा हो रही है, वहीं उनकी परीक्षा पूर्व तैयारी में व्यवधान भी उत्पन्न हो रहा है। बिजली निगम की इस कार्यप्रणाली को लेकर परीक्षार्थियों सहित उनके परिवारीजनों में आक्रोश पनप रहा है। ऐसे में परीक्षार्थियों ने डीएम यशु रुस्तगी व अधिशाषी अभियंता विद्युत से हस्तक्षेप कर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
इस मामले की जानकारी नहीं थी। आज से ही इस समस्या का स्थाई समाधान करा दिया जाएगा।
-रमाशंकर मौर्य, अधिशाषी अभियंता विद्युत