कलेक्ट्रेट का निरीक्षण करते मंडलायुक्त।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। आयुक्त देवीपाटन मंडल गोंडा ने मंगलवार शाम कलेक्ट्रेट सहित वहां स्थित विभिन्न पटलों तथा न्यायालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों की जांच भी की। उन्होंने पटल सहायकों को दिशा-निर्देश देते हुए अधिकारियों को राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाने को कहा।
देवीपाटन मंडल के आयुक्त महेंद्र कुमार मंगलवार शाम कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां उनको गार्ड ऑफ आनर दिया गया। इसके बाद आयुक्त डीएम कोर्ट पहुंचे जहां उन्होंने लंबित वादों के बारे जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने आपदा अनुभाग, खनन, आयुध अनुभाग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खनन निरीक्षक को निर्देश दिया कि वह प्रतिदिन खनन से संबंधित प्रवर्तन कार्य की रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
प्रशासनिक अधिकारी कक्ष के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने फाइलों के रखरखाव को और बेहतर ढंग से करने के साथ कलेक्ट्रेट स्थित सभी अनुभागों में अलमारी में रखी फाइलों को विषयवार सूचीबद्ध कराने का निर्देश दिया ताकि फाइलों को ढूंढने में सहूलियत हो सके। केंद्रीय अभिलेखागार व राजस्व अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान उन्हें परगनावार गांव की सूची बस्तों में अपडेट मिली।
राजस्व सहायक कक्ष निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने तृतीय श्रेणी कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका एवं जीपीएफ पासबुक देखी। इस दौरान अलमारियों में रखी फाइलों में नंबरिंग न करने तथा इंडेक्स को अलमारी पर चस्पा न करने के कारण आयुक्त ने संबंधित पटल सहायक को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के अंदर सभी फाइलों व अभिलेखों पर नंबरिंग करके अलमारियों पर इंडेक्स चस्पा करें।
नाजिर कक्ष के निरीक्षण के दौरान उन्होंने नाजिर द्वारा संपादित कार्यों को देखा। यहां चतुर्थ श्रेणि कर्मचारियों की जीपीएफ पासबुक एवं सेवा पुस्तिका का निरीक्षण किया। सुंदर लाल (माली) की जीपीएफ पासबुक एवं सेवा-पुस्तिका अपडेट न पाये जाने तथा विभागीय पत्रों को समय से प्रभारी अधिकारी नजारत को न प्रस्तुत करने पर की गयी लापरवाही के लिए संबंधित पटल सहायक पर विभागीय कार्यवाही के लिए निर्देश दिया।
उन्होंने आरसी वसूली की पंजिका अपडेट न मिलने तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में आरसी वसूली का मिलान न कराये जाने पर तत्काल मिलान कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। इस दौरान डीएम, सीडीओ, एडीएम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।