श्रावस्ती। सिरसिया क्षेत्र के भचकाही गांव में सोमवार को थारू सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें थारू जनजाति के कलाकारों ने लोकनृत्य प्रस्तुत कर अपनी संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाई। स्वास्थ्य शिविर में 46 मरीजों की जांच कर उन्हें दवाएं वितरित की गईं।
थारू कल्चर श्रावस्ती के प्रवक्ता प्रताप नारायण ने कहा कि थारू जनजाति का इतिहास राष्ट्र के प्रति समर्पण और संघर्ष का रहा है। आज इस समुदाय के युवा खेल और सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ थारू संस्कृति को बढ़ावा देना है।
रामकरतार राणा ने बताया कि शिविर में मरीजों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। इस मौके पर मंगल प्रसाद राणा, कर्मवीर राणा, ईश्वरदीन चौधरी और डॉ. विजय शंकर राणा सहित अन्य मौजूद रहे।